विजयनगर (गाजियाबाद), 5 नवम्बर 2025
सेक्टर-9 के एल ब्लॉक स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में बुधवार को भव्य मूर्ति स्थापना समारोह बड़े श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक भावनाओं के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु, महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सुबह 8 बजे कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में भक्तों ने गंगा जल और पुष्प कलशों के साथ शिव नाम का कीर्तन करते हुए पूरे ब्लॉक का भ्रमण किया। वातावरण “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के जयघोषों से गूंज उठा।

कलश यात्रा के उपरांत मंदिर प्रांगण में विधि-विधानपूर्वक हवन एवं पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान नीलकंठ की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की। दोपहर 12:30 बजे सामूहिक प्रतिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही लगी रही। महिलाओं ने भक्ति गीतों का आयोजन किया और बच्चों ने “हर हर महादेव” के नारे लगाते हुए वातावरण को शिवमय बना दिया।

आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय निवासियों – सी ब्लॉक एवं एल ब्लॉक के श्रद्धालुओं – ने मिलकर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित की। कार्यक्रम में अनुशासन, सहयोग और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नीलकंठ महादेव मंदिर की यह मूर्ति स्थापना लंबे समय से प्रतीक्षित थी, जो अब साकार हुई है। श्रद्धालुओं ने इसे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम का समापन भक्ति गीतों और शिव आरती के साथ हुआ।
मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी और पुष्प सज्जा से सारा वातावरण दिव्य आलोकित हो उठा।

📿 जय भोलेनाथ! हर हर महादेव!