गाजियाबाद। विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर विश्व हिन्दू महासंघ–गाजियाबाद की ओर से सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की आधारशिला बताया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा जी ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह हमें हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है और देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। आज आवश्यकता है कि हम हिंदी को शिक्षा, प्रशासन और तकनीक के हर क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाएं।

वहीं सोशल मीडिया प्रभारी अनुज (रामानुज) जी ने कहा कि डिजिटल युग में हिंदी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म्स पर हिंदी कंटेंट की लोकप्रियता यह दर्शाती है कि हिंदी युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है। हमें गर्व के साथ हिंदी का उपयोग करना चाहिए और इसे वैश्विक पहचान दिलानी चाहिए।

महानगर अध्यक्ष मनोज नागर जी ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रवाद की वाहक है। विश्व हिंदी दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम अपनी मातृभाषा का सम्मान करें और आने वाली पीढ़ियों को भी हिंदी के महत्व से अवगत कराएं।

विश्व हिन्दू महासंघ–गाजियाबाद ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करें।