गाजियाबाद। विश्व हिन्दू महासंघ परिवार की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ब्लूम पब्लिक स्कूल, सिद्धार्थ विहार में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस गोष्ठी का आयोजन महानगर अध्यक्ष श्री मनोज नागर द्वारा किया गया, जबकि जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में बैठक की कार्यवाही संचालित हुई।

समीक्षा बैठक में आगामी 7 फरवरी 2026 को मनाई जाने वाली संत शिरोमणि श्री रविदास जयंती को भव्य एवं गरिमामय रूप से मनाने की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन समिति का गठन, जनसंपर्क अभियान, सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन के विस्तार जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव और निर्णय सामने आए।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को समानता, एकता और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं। विश्व हिन्दू महासंघ उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज को जोड़ने का कार्य करेगा।

महानगर अध्यक्ष श्री मनोज नागर ने समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से संत रविदास जयंती समारोह को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनाया जाएगा।

समीक्षा बैठक में संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।