गाजियाबाद। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रचार मंत्री अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना होना चाहिए।
एक विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि आज देश का किसान, युवा, मजदूर और व्यापारी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता में निहित है और राजनीतिक नेतृत्व को जनता के विश्वास पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ईमानदार और सकारात्मक सोच रखने वाले युवाओं के आगे आने से देश की राजनीति और अधिक मजबूत होगी।
अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) गरीबों, किसानों, मजदूरों,व्यापारियों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित आधारित नीतियों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब राजनीति सेवा, समर्पण और जनकल्याण के मूल सिद्धांतों पर आधारित हो।
“राजनीति सत्ता पाने का माध्यम नहीं, जनता की सेवा का संकल्प होना चाहिए।” – अमित कुमार अग्रवाल
