गाजियाबाद। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रचार मंत्री (पश्चिम उत्तर प्रदेश) अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि उनकी पार्टी धर्म, जातिवाद और समाज को बांटने वाली राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि विकास, समानता और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्राथमिकता देती है।
एक विशेष बातचीत के दौरान अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि समाज को जाति और धर्म के नाम पर विभाजित करने से देश का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान होना चाहिए, न कि समाज में विभाजन पैदा करना।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि “क्या पानी किसी व्यक्ति का धर्म या जाति देखकर उसकी प्यास बुझाता है? क्या पेड़ किसी का धर्म या जाति देखकर उसे ऑक्सीजन देता है? यदि प्रकृति सभी को बिना किसी भेदभाव के जीवन प्रदान करती है, तो फिर इंसानों के बीच धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव क्यों होना चाहिए?
अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि देश और प्रदेश के सामने आज कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की समस्याएं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को इन विषयों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए ताकि आम जनता का जीवन बेहतर बन सके।
उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सामाजिक समरसता, समान अवसर और विकास आधारित राजनीति में विश्वास रखती है। पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना और जनता के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति, धर्म या समुदाय से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और समाज के प्रति योगदान से होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच और विकास की राजनीति का समर्थन करें तथा समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।
“जब प्रकृति सभी को समान रूप से जीवन देती है, तब राजनीति का उद्देश्य भी सभी को समान अवसर और सम्मान देना होना चाहिए।” – अमित कुमार अग्रवाल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)
