देशभर के छात्र, युवा और इतिहास प्रेमी ले सकेंगे भाग, 25 जून को होगी ऑनलाइन प्रतियोगिता”

गाज़ियाबाद। फ्यूचर स्किल्स एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफ़ॉर्म सेतु 100 (SETU100) और भारत माता सांस्कृतिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026” का शुभारंभ किया गया। इस राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आज से शुरू कर दी गई है।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य देश के युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, उनके अद्वितीय नेतृत्व, कुशल प्रशासन तथा हिन्दवी स्वराज्य की प्रेरणादायक अवधारणा से परिचित कराना है। प्रतियोगिता में देशभर के छात्र, युवा और इतिहास प्रेमी ऑनलाइन माध्यम से भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता का आयोजन 25 जून 2026 को किया जाएगा, जबकि इसका समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 28 जून 2026 को गाज़ियाबाद के नवयुग मार्केट (बलिदान पथ) में आयोजित होने वाले भव्य हिन्दू साम्राज्य दिवस उत्सव के दौरान किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 352 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह विशेष आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य डॉ. स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज तथा मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहेंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट http://www.setu100.com पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

आयोजन समिति का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को भारतीय इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे