गाजियाबाद। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रचार मंत्री (पश्चिम उत्तर प्रदेश) अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सरकार चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीब वर्ग के भविष्य का चुनाव है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा बेहतर शिक्षा, रोजगार और अवसरों की अपेक्षा रखता है, जबकि किसान अपनी मेहनत का उचित मूल्य चाहता है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण भी समाज की प्राथमिक आवश्यकता है। ऐसे में राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें।

अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सामाजिक न्याय तथा श्रद्धेय रामविलास पासवान के सर्वजन हिताय के विचारों को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य विकास की मुख्यधारा से छूटे हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और अवसरों का लाभ पहुंचाना है। युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान, महिलाओं को सुरक्षा तथा गरीब और वंचित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है।