गाजियाबाद। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर देशभर में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। रामविलास पासवान का जन्म 5 जुलाई 1946 को हुआ था और प्रत्येक वर्ष इस दिन उनकी जयंती मनाई जाती है।
इस अवसर पर अमित कुमार अग्रवाल, प्रदेश प्रचार मंत्री (पश्चिम उत्तर प्रदेश), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों और समाज के वंचित वर्ग की सशक्त आवाज़ थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने के लिए थी। उनके सिद्धांत आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष (पक्षिम उत्तर प्रदेश) पवन वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे रामविलास पासवान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज के हर वर्ग की सेवा करें तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उल्लेखनीय है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रत्येक वर्ष 5 जुलाई को अपने संस्थापक की जयंती पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाती है। पूर्व वर्षों की तरह विभिन्न राज्यों और जिलों में भी श्रद्धांजलि सभाओं एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।
