उत्तर प्रदेश। विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश द्वारा ब्रह्मलीन राष्ट्र संत महंत अवेद्यनाथ जी की पुण्यतिथि 12 सितंबर को श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस वर्ष पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

विश्व हिंदू महासंघ के अनुसार, उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के उद्देश्य से शोभायात्रा एवं हवन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन ने इसे लेकर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है।

क्षेत्रीय महामंत्री राजेंद्र शर्मा ने पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल हों और शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि जो लोग अपने बच्चों को सुसज्जित कर झांकियों में शामिल करना चाहते हैं, वे संगठन के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। शोभायात्रा में अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी भाग ले सकेंगे। हालांकि, शोभायात्रा में विश्व हिंदू महासंघ का बैनर प्रमुख रहेगा, जबकि सहभागी संगठन अपने बैनर के साथ भी शामिल हो सकते हैं।

संगठन की ओर से बताया गया है कि आगामी तीन-चार दिनों में शोभायात्रा, हवन एवं अन्य कार्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उपलब्ध कराई जाएगी।

विश्व हिंदू महासंघ ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अभी से लोगों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि 12 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा सके।