गाजियाबाद, लोनी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से गाजियाबाद के लोनी स्थित राजमहल फार्म हाउस में विशाल महासंपर्क अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और पार्टी के नेताओं के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को रखा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने लोनी विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता आज भी सड़क, पेयजल और बेहतर शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

पवन वर्मा ने कहा कि लोनी विधानसभा क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होने के बावजूद यहां की आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े नेताओं द्वारा जनता से अनेक वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन वादों को पूरा करने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं होता।

उन्होंने कहा कि यदि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को जनता का आशीर्वाद मिलता है, तो लोनी में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उन्होंने जनता से पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताने की अपील की।

घर-घर पहुंचकर जनता से किया संपर्क

महासंपर्क अभियान को सफल बनाने में लोनी के स्थानीय निवासियों और पार्टी के प्रदेश महासचिव निमेष चौधरी की विशेष भूमिका रही। निमेष चौधरी ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और उन्हें पार्टी की नीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए भी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव राजीव गोयल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील दीक्षित, प्रदेश महासचिव (संगठन) प्रदीप अरोड़ा, प्रदेश महासचिव एस.के. झा, प्रदेश प्रचार मंत्री अमित अग्रवाल, मंडल सचिव अमित मदान, जिला प्रधान महासचिव शंभुनाथ झा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को पहुंचाने पर जोर दिया। महासंपर्क अभियान को आगामी समय में क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।