आगामी 2027 के चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर में युवा शक्ति पार्टी की चिंतन बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व वरिष्ठ समाजसेवी पवन त्यागी ने किया। बैठक में आगामी दिल्ली नगर निगम चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन विस्तार, संभावित उम्मीदवारों तथा चुनावी गठजोड़ को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

युवा शक्ति पार्टी के अध्यक्ष कृष्णा त्यागी ने कहा कि पार्टी दिल्ली नगर निगम की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगभग 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की योजना है।

कृष्णा त्यागी ने कहा, “युवा शक्ति पार्टी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। दिल्ली नगर निगम की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने का हमारा लक्ष्य है, जबकि उत्तर प्रदेश में लगभग 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना है। पार्टी जमीनी स्तर पर सक्रिय और योग्य कार्यकर्ताओं को आगे लाने का प्रयास करेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी कई छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ भी बातचीत के लिए तैयार है। जहां विचारधारा, संगठनात्मक हित और जनहित के मुद्दों पर सहमति बनेगी, वहां गठबंधन या चुनावी तालमेल की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय आपसी बातचीत और संगठन की सहमति के बाद लिया जाएगा।

वहीं, युवा शक्ति पार्टी के संस्थापक सदस्य अरुण त्यागी ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को वार्ड, विधानसभा और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

अरुण त्यागी ने कहा, “युवा शक्ति पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोगों को राजनीतिक मंच उपलब्ध कराना है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हमारी संगठनात्मक गतिविधियां लगातार बढ़ाई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर समान विचारधारा वाले छोटे-बड़े दलों के साथ मिलकर भी चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।”

बैठक में प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति

चिंतन बैठक में प्रदेश मंत्री संतल त्यागी जी, वरिष्ठ समाजसेवी पवन त्यागी जी, दीपक कुमार जी, माथुर साहब सहित कई अन्य समाजसेवी, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। उपस्थित लोगों ने संगठन विस्तार, चुनावी तैयारियों और संभावित राजनीतिक गठजोड़ को लेकर अपने सुझाव रखे।

पार्टी नेताओं के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर संगठन को वार्ड, विधानसभा और बूथ स्तर तक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।