सच्चिदानंद पोखरियाल बोले—भारत के नवनिर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका; युवाओं को राष्ट्रवाद से जोड़ना उद्देश्य
बृजपाल तेवतिया बोले—उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति को संगठन से जोड़कर राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा
गाजियाबाद। राष्ट्रवादी संगठन सैल्यूट तिरंगा के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर 2 अक्टूबर को गोविन्दपुरम, गाजियाबाद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन सैल्यूट तिरंगा के प्रदेश प्रभारी बृजपाल तेवतिया एवं प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी के नेतृत्व में किया गया। संगठन के विस्तार को गति देते हुए इस अवसर पर अतुल त्यागी को सैल्यूट तिरंगा उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अतुल त्यागी ने अपने साथ बड़ी संख्या में युवाओं के साथ संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा अतुल त्यागी को नियुक्ति पत्र संगठन के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं पूर्व राज्य मंत्री सच्चिदानंद पोखरियाल ने प्रदेश प्रभारी बृजपाल तेवतिया तथा प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी की मौजूदगी में सौंपा।
इस अवसर पर सच्चिदानंद पोखरियाल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और भारत के नवनिर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सैल्यूट तिरंगा का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रवाद से जोड़ना तथा उन्हें राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
प्रदेश प्रभारी बृजपाल तेवतिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश भौगोलिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रदेश है तथा यहां बड़ी संख्या में युवा निवास करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अतुल त्यागी प्रदेश के युवाओं को संगठन से जोड़ने और संगठन द्वारा संचालित सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। संगठन के विस्तार के साथ प्रदेश में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा का गठन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि सैल्यूट तिरंगा निरंतर सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाता रहा है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को भी याद किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सच्चिदानंद पोखरियाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बृजपाल तेवतिया, सुभाष प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री प्रिया बिष्ट, शीला भारती, मीडिया प्रभारी राजेश चंद, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अतुल त्यागी सहित आशीष त्यागी, हर्षित त्यागी, यतेन्द्र त्यागी, भुल्लन शर्मा, अश्वनी, नितिन चौधरी, गौरव यादव तथा युवा मोर्चा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही। संगठन पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें सामाजिक, पर्यावरणीय और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
