हर दिल में बसे तिरंगा, देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का भाव हो मजबूत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष, पश्चिमी उत्तर प्रदेश पवन वर्मा ने ‘हर दिल तिरंगा’ अभियान का आह्वान किया है।
पवन वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर जवानों के बलिदान से मिली आजादी का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को अपने दिल में भी स्थान दें।
पवन वर्मा ने कहा, “ध्वजारोहण तभी सार्थक होगा, जब हर दिल में भारत और हर मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान होगा। हमारा संकल्प होना चाहिए—हर दिल तिरंगा, हर मन तिरंगा और हर कदम राष्ट्रहित में।”
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, संविधान के प्रति सम्मान तथा सामाजिक एकता की भावना मजबूत होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग हमें साहस, शांति और विकास की प्रेरणा देते हैं, जबकि अशोक चक्र निरंतर प्रगति और कर्तव्य का संदेश देता है। इसलिए तिरंगे का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक जीवन और व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।
पवन वर्मा ने आह्वान किया कि आइए इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी मिलकर संकल्प लें—
“तिरंगा हमारी शान है,
तिरंगा हमारी पहचान है,
हर दिल में हिंदुस्तान है,
और भारत हमारी आन-बान-शान है।”
उन्होंने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।
साथ ही उन्होंने सभी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं से आवाहन किया कि अपने-अपने क्षेत्र में ध्वजारोहण कर अभियान को सफल बनाएं और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
