सहारनपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से सहारनपुर में एक दिवसीय मंडलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के जिलाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सहारनपुर मंडल की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशानुसार पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी करेगी। उन्होंने सहारनपुर में कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और बढ़ाने के निर्देश दिए।

प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान द्वारा मान्यवर कांशीराम जी को ‘भारत रत्न’ दिए जाने तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए ‘युवा आयोग’ के गठन की महत्वपूर्ण मांग उठाई गई है। पार्टी इन मांगों का पूर्ण समर्थन करती है और राष्ट्रीय अध्यक्ष के विचारों एवं पार्टी की नीतियों को हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुरू होगी ‘अल्पसंख्यक चौपाल’

पार्टी की नीतियों और विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष ने नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रभारी आदरणीय अरुण भारती के निर्देशानुसार दलित चौपाल और चाणक्य चौपाल के साथ अब पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ‘अल्पसंख्यक चौपाल’ का आयोजन भी किया जाएगा।

इन चौपालों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने तथा पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन विस्तार के तहत नई नियुक्तियां

बैठक के दौरान संगठन विस्तार को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा ने संजय ढींगरा को प्रदेश महासचिव तथा शौकीन मीर को सहारनपुर मंडल सचिव का दायित्व सौंपा। इसके अलावा अन्य नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

बैठक में कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा और पार्टी को मजबूत जनसमर्थन प्राप्त होगा।

इस अवसर पर प्रधान महासचिव राजीव गोयल, प्रदेश महासचिव (संगठन) प्रदीप अरोड़ा, प्रदेश महासचिव मोतीलाल सिंघानिया, प्रदेश सचिव धर्मवीर सुमेंद्र, मनोज अग्रवाल (जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर), गुलफाम (जिलाध्यक्ष शामली), सुखपाल सिंह (जिलाध्यक्ष सहारनपुर), महानगर अध्यक्ष अरुण आजाद समेत अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।