गाजियाबाद। ब्रह्मलीन राष्ट्र संत महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 12 सितंबर 2026 को गाजियाबाद में विश्व हिन्दू महासंघ द्वारा विशाल शोभायात्रा आयोजित की जाएगी। आयोजन को लेकर सनातन संगठनों, संत समाज एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
विश्व हिन्दू महासंघ के क्षेत्रीय महामंत्री (पश्चिम उत्तर प्रदेश) राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य सनातन समाज को एकजुट करना, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के प्रति जनजागरण करना तथा श्री कृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन राष्ट्र संत महंत अवेद्यनाथ जी महाराज ने समाज और सनातन संस्कृति के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित यह शोभायात्रा श्रद्धांजलि के साथ-साथ सनातन समाज की एकजुटता का संदेश भी देगी।
आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा के माध्यम से श्री कृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के संकल्प को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सभी सनातन संगठनों, मंदिरों, अखाड़ों एवं सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से आयोजन में सहभागिता करने की अपील की गई है।
राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोगों की सहभागिता से शोभायात्रा के उद्देश्य को सफल बनाया जाएगा और समाज में एकता, संस्कृति संरक्षण तथा राष्ट्रीय चेतना का संदेश पहुंचाया जाएगा।
